रांची: राजधानी रांची समेत झारखंड के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है. रविवार की सुबह भी कुछ ऐसी ही रही. धूप खिलने के बावजूद लोगों को ठिठुरने पर मजबूर होना पड़ा. ऐसा न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की वजह से हुआ है. रांची के आसपास के क्षेत्र मैक्लुस्कीगंज, चान्हो व कांके में तो घास पर गिरी ओस की बूंदें जमकर सफेद चादर सी हो गई.
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में बादल छंटने के बाद अचानक ठंड बढ़ गई है. आसमान साफ हो गया है. इस वजह से रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठिठुरन बढ़ी है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों तक रांची समेत झारखंड में कुछ जगहों पर ठंड बढ़ेगी. हालांकि इसके बाद तापमन में बढ़ोतरी की संभावना है. पिछले 24 घंटे में राज्य के उत्तर-पश्चिमी (डाल्टेनगंज) के हिस्सों में एक-दो स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति बनी.
दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं घने दर्जे का कोहरा भी देखा गया. सबसे अधिक अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस बोकारो में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रांची और डाल्टेनगंज में रिकॉर्ड किया गया.