रांचीः महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में स्मार्ट साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसमें दर्जनों की संख्या में महिलाएं शामिल हुई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को परिवार का ध्यान रखने के लिए अपना ध्यान भी रखना जरूरी है। अगर वे स्वस्थ रहेंगी तो पूरा घर खुशहाल रहेगा।
इस दौरान उन्होंने लोगों से रांची नगर निगम की ओर से शुरू की जा रही मुहिम साइकिल वाला शनिवार को भी बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब हर लोगों को बाइक व अन्य परिवहन साधन को त्याग कर साइकिल से सफर करना होगा। इससे न केवल साइकिल प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी बल्कि हमारे शरीर को कई बीमारियों से निजात भी मिलेगी। इस दौरान चार्टर्ड बाइक कंपनी की ओर से महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
रांची नगर निगम की ओर से साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत शनिवार को नो कार डे घोषित किया गया है। इस दिन सभी सरकारी या निजी दफ्तर के कर्मचारियों को अपनी-अपनी साइकिल से दफ्तर जाने की अपील निगम की ओर से की जा रही है। ताकि एक दिन शहर की सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम हो और शहर को प्रदुषण मुक्त बनाया जा सके।
रांची में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के रांची में स्मार्ट साइकिल शेयरिंग सिस्टम की शुरुआत 2 साल पहले की गई थी। अभी इसके तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में 60 साइकिल स्टैंड बनाए गए हैं जहां 600 साइकिल के इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल रोज लगभग 1500 लोग इस शेयरिंग योजना का लाभ ले रहे हैं। बहुत जल्द निगम 60 और नए स्टैंड बनाकर साइकिलों की संख्या बढ़ाकर 1200 करने वाला है। ताकि शहर के हर इलाके के लोगों को आसानी से साइकिल की सुविधा मिल सके.