अवैध सम्बन्ध के आरोप में पिटाई के बाद लातेहार थाना क्षेत्र के खपिया निवासी दिनेश सिंह की मौत के मामले में लातेहार पुलिस ने छः आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी. एसडीपीओ अजीत कुमार ने बुधवार को हेरहंज थाना में प्रेसवार्ता कर इस सम्बन्ध में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उक्त मामले में संतोष सिंह (पिता- स्व मिट्ठू सिंह), रामप्रीत सिंह (पिता- करम सिंह), लालकेश्वर सिंह (पिता- झगड़ सिंह), रामदास सिंह (पिता- स्व ननकू सिंह), बिहारी सिंह (पिता- स्व गोला सिंह उर्फ भोला सिंह) व रामनाथ सिंह (पिता- गुजर सिंह) छह आरोपी फरार थे. सभी को अलग-अलग स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है. इस कांड के सभी नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो गयी है. इस कांड का अनुसंधान जारी है.
गौरतलब है कि थाना क्षेत्र अंतर्गत खपिया निवासी दिनेश सिंह उर्फ दिनू सिंह (पिता- रामवृत सिंह) पर अवैध संबंध के आरोप के बाद हेसातू गांव में पंचायत लगाकर बेरहमी से पिटाई की गयी थी, जिससे दिनेश सिंह की मौत हो गयी थी. मौत के बाद मृतक की पत्नी सुरजमनी देवी ने हेरहंज थाना में आवेदन देकर पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
हेरहंज थाना कांड संख्या 08/2022 के तहत मुखिया पति सोहराई सिंह, सूरजदेव सिंह, संतोष सिंह, बिहारी सिंह, लालकेश्वर सिंह, रामपृत सिंह, दशरथ सिंह, रामनाथ सिंह, राजकुमार सिंह व रामदास सिंह (सभी ग्राम हेसातू, हेरहंज) के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था.