हजारीबाग: नव झारखंड फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोरी राणा ने सोमवार को झारखंड विकास मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के समक्ष रांची में झाविमो का दामन थाम लिया.
पार्टी का दामन थामने के बाद हजारीबाग पहुंचे किशोरी राणा ने कहा कि झारखंड की माटी में पले बढ़े हैं और झारखंड के समुचित विकास करने वाले बाबूलाल मरांडी से काफी प्रभावित हैं.
बाबूलाल मरांडी ने अपने मुख्यमंत्री काल में झारखंड का संपूर्ण विकास करने का प्रयास किया था. उनकी विचारधारा से प्रभावित होकर मैंने पार्टी का दामन थामा है.
अगर पार्टी का आदेश होगा तो हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र से मजबूत दावेदारी पेश करूंगा. उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में वे शुरू से ही सक्रिय हैं.
मुंबई में प्रवासी मजदूरों की समस्याओं को देखते हुए झारखंडियों के हित के लिए मुंबई में नव झारखंड फाउंडेशन का गठन किया. आज इस फाउंडेशन की पूरे मुंबई में एक अलग पहचान है.
जो राज्य और राज्य के बाहर के मजदूरों के लिए विशेष तौर पर काम कर रहा है. फाउंडेशन महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष तौर पर काम करना चाहता है.
उनका संगठन झारखंड से भ्रष्टाचार को भी दूर करना चाहता है. अब वे राजनीति के रास्ते जनता की सेवा करना चाहते हैं.
जैसे नव झारखंड फाउंडेशन ने पुणे, मुंबई में प्रवासी मजदूरों के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई है, उसी की तर्ज पर अगर जनता का सहयोग मिला तो हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र की एक अलग पहचान पूरे राज्य ही नहीं बल्कि देश में बनेगी.
उन्होंने कहा कि बाबूलाल मंडी की नीति और आदर्शों से पूरा राज्य प्रभावित है. उन्हें पूरे राज्य में अपार जनसमर्थन मिल रहा है और चुनाव में पार्टी को अपार सफलता मिलेगी.