ज्योत्सना,
खूंटी: खूंटी के नवनिर्मित भाजपा कार्यालय में आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने सम्मान समारोह का आयोजन किया. सम्मान समारोह में जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और तोरपा की नवनिर्वाचित विधायक को कोचे मुंडा शामिल हुए. भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और विधायक कोचे मुंडा का फूल माला और बुके देकर स्वागत किया. साथ ही सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और तोरपा विधायक कोचे मुंडा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और जीत के लिए आभार जताया.
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि चुनाव के पूर्व जब खूंटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम था तब प्रधानमंत्री ने मंच से पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा का नाम लिया और उन्हें राजनीति में आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के लिए रास्ता दिखाने को लेकर धन्यवाद दिया, साथ ही यह भी कहा की प्रधानमंत्री ने खूंटी में झारखंड के वीर सपूतों बिरसा मुंडा और जयपाल सिंह मुंडा समेत अन्य सपूतों का नाम लिया जो झारखंड की जनता के लिए गौरवपूर्ण बात है. आने वाले समय में झारखंड में विकास के कार्य में और तेजी लाई जाएगी और पूरे देश में जनजातीय इलाकों में विकास कार्य तेजी से किए जाएंगे.
तोरपा के नवनिर्वाचित विधायक कोचे मुंडा ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पूरे जोश और तत्परता के साथ पार्टी को जीत दिलाने में लगे रहे और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को दिल से धन्यवाद देते हैं.