रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नई दिल्ली से अपने एक संदेश में कहा कि झारखंड अलग राज्य दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले दिशोम गुरु एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को नमन करते हुए उन्हें उनके जन्मदिन पर ढ़ेर सारी शुभकामनाएं देता हूं. बतौर मुख्यमंत्री यह विश्वास दिलाता हूं कि उनके स्वप्नों के झारखंड का निर्माण हम करेंगे.
हेमंत सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जल, जंगल, जमीन, आदिवासियों, पिछड़ों, वंचितों, दलितों और झारखंड वासियों के कल्याण के लिए, उनकी समृद्धि के लिए अपनी आवाज को बुलंद किया था, जिसके परिणाम स्वरूप हमें झारखंड अलग राज्य के रूप में मिला.
उन्होंने कहा कि झारखंड के सतत विकास में उनका मार्गदर्शन मुझे प्राप्त होता रहेगा. जिस उद्देश्य से झारखंड अलग राज्य की स्थापना हुई, उस उद्देश्य को अवश्य प्राप्त कर सकेंगे.
सोरेन ने कहा कि समस्त झारखंड वासियों की ओर से उनके बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना भी करता हूं.
मुख्यमंत्री ने झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को भी उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है.
उन्होंने कहा कि वे राज्य के वरिष्ठ नेता हैं, उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना के साथ उनके सतत मार्गदर्शन से हमें अपने लक्ष्य को हासिल करने में दृढ़ता मिलेगी.