रांची: कांग्रेस सदस्यता अभियान के शुभारम्भ को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में कांग्रेस भवन, रांची में संपन्न हुई.
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि पूरे राज्य में सदस्यता अभियान जोर-शोर से चलाया जायेगा और आमजनों को कांग्रेस से जोड़ा जायेगा. 21वीं शताब्दी में युवाओं की राजनीति में बढ़ती रूचि को देखते हुए युवा वर्ग को कांग्रेस की नीतियों एवं सिद्धांतों से अवगत कराया जायेगा.
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बताया कि आगामी 12 फरवरी को सदस्यता अभियान की शुरूआत की जायेगी. इस अवसर पर आमजनों को सदस्य बनाया जायेगा. सदस्यता अभियान की लाॅचिंग के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, राज्य सरकार के मंत्री, माननीय सांसद, माननीय विधायक, जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष, जोनल को-आर्डिनेटर भी उपस्थित रहेंगे.
शाहदेव ने बताया कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जो लोग दूसरे दलों से पार्टी में शामिल होना चाहते हैं, वे सदस्यता प्रभारी आलोक कुमार दूबे के समक्ष आवेदन देंगे एवं दो साल तक बिना पद के पार्टी की सेवा करेंगे तथा तीन वर्षों तक किसी भी चुनाव के लिए टिकट की मांग नहीं करेंगे. साथ हीं साथ इस बात पर भी बैठक में सहमति बनी है कि जिन्होंने चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, ऐसे लोगों को कम से कम पांच वर्षों तक पार्टी में शामिल नहीं किया जायेगा.
शाहदेव ने बताया कि सदस्यता अभियान के शुभारम्भ में समाज के महत्वपूर्ण व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया जायेगा एवं उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलायी जायेगी. जिला, प्रखंड, पंचायत एवं गांवों में शिविर लगाकर सदस्य बनाये जाने की योजना है.
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, संजय लाल पासवान, सदस्यता अभियान के प्रभारी आलोक कुमार दूबे, प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोरनाथ शाहदेव, अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष शकील अख्तर अंसारी मुख्य रूप से मौजूद थे.