रांची: आज भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में 17 फरवरी को झारखंड विकास मोर्चा के भाजपा में होने वाले विलय के कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन किया गया. बैठक को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री धर्मपाल ने कहा की इस मिलन समारोह में पूरे प्रदेश से भाजपा के हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में होने वाले इस मिलन समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाना है. उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों को निर्देश दिया की वह भी अपने स्तर से मिलन समारोह को सफल बनाने हेतु सक्रिय भूमिका निभाए. उन्होंने बिंदुवार तैयारियों की समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश भी दिए.
इसके अतिरिक्त पूरे प्रदेश में संगठन के कार्यों की समीक्षा भी हुई. मंडल अध्यक्षों के चयन हेतु चल रही प्रक्रिया की भी समीक्षा की गयी एवं मंडल अध्यक्ष के मनोनयन हेतु अति शीघ्र 3 नामों के पैनल को प्रदेश को जमा करने का निर्देश दिया गया.
आज की बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, प्रिया सिंह, प्रदेश महामंत्री प्रभारी दीपक प्रकाश, प्रदेश मंत्री मनोज सिंह ,सुबोध सिंह गुड्डू, प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश कार्यालय प्रभारी हेमंत दास ,युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पासवान , किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ज्योतिश्वर सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष सोना खान समेत अनेक नेता उपस्थित थे.