रांची: प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन अभिलाष साहु की अध्यक्षता में धरना कार्यक्रम को लेकर आज कांगेस भवन, रांची में प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की तैयारी बैठक हुई. इसमें प्रदेश ओबीसी, एसटी, एससी के संयुक्त तत्वावधान में 15 फरवरी को आयोजित होने वाली भाजपा सरकार के आरक्षण के खिलाफ एक दिवसीय धरना कार्यक्रम की सफलता पर विचार-विमर्श किया गया. बैठक में मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उपस्थित थे.
उक्त आशय की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस ओबीसी क उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता परवेज आलम ने बताया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन साहु ने सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्ष, प्रभारियों को निर्देश दिया है कि 15 फरवरी 2020 दिन शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से राजभवन के सामने केन्द्र की भाजपा सरकार के आरक्षण विरोधी असंवैधानिक रूख के खिलाफ एक दिवसीय धरना कार्यक्रम में बढ़-चढ कर शामिल हो.
मालूम हो कि भाजपा पिछले कई वर्षों से अपने बयानों एवं कार्यों के जरिये अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के समुदायों को दिये गये आरक्षण पर सुनियोजित तरीके से हमला कर रही है. अपने इसी एजेंडों पर आगे बढ़ते हुए भाजपा की सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में असंवैधानिक रूख अपनाया है.