रांची: राजधानी रांची समेत राज्यभर के कई जिलों में मौसम का मिजाज सुबह से ही बदला हुआ है. राजधानी रांची और आसपास के इलाके में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. रह-रहकर बादलों की तेज गर्जन के साथ विभिन्न हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है.
बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के रांची कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रांची के अलावा आज सुबह बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और लातेहार जिले के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की बारिश हुई. इन जिलों में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी आने तथा वज्रपात की भी खबर है.