रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने चुनाव परिणाम अब तक प्राप्त रूझान के लिए लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए आज का दिन लोगों की जनआकांक्षा को पूरा करने के लिए संकल्प लेने का दिन है.
उन्होंने कहा कि आज के दिन से झारखंड में एक नया अध्याय शुरू होगा.
उन्होंने कहा कि झारखंड की राजनीति के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा, लोगों ने जिस उम्मीद से गठबंधन को जीत दिलायी है, पार्टी उन जनआकांक्षाओं पर खरा उतरेगी और लोगों की उम्मीद को टूटने नहीं देगी.
हेमंत सोरेन ने कहा कि अभी झामुमो-कांग्रेस-राजद के साथियों के साथ बैठक करने के बाद आगे की रणनीति बनाएंगे. उन्होंने चुनाव परिणाम के लिए झारखंड की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन के परिश्रम का परिणाम है.
झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, स्टार प्रचारक राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के प्रति भी आभार व्यक्त किया.