रांचीः राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवे व अंतिम चरण में 20 दिसंबर को साहेबगंज जिले में राजमहल,
बोरियो औऱ बरहेट, पाकुड़ जिले में लिट्टीपाड़ा, पाकुड़ तथा महेशपुर, जामताड़ा जिले में नाला और जामताड़ा, दुमका जिले में शिकारीपाड़ा, दुमका,
जामा और जरमुंडी, देवघर जिले में सारठ औऱ गोड्डा जिले में पोडैयाहाट, गोड्डा औऱ महगामा विधानसभा सीट के लिए मतदान होना है.
मतदान को लेकर उपरोक्त 6 जिलों सहित सीमावर्ती जिलों में 18 दिसंबर 2019 को अपराह्न 3 बजे से ड्राई डे प्रभावी हो जाएगा.
ज्ञात हो कि भारत निर्वाचन आय़ोग के दिशा निर्देश के आलोक में मतदान समाप्ति होने के नियत समय से 48 घंटे पूर्व की अवधि में मतदान से संबंधित जिलों एवं सीमावर्ती जिलों में ड्राई डे घोषित किया जाना है.
उन्होंने बताया कि ड्राई डे के अनुपालन को सुनिश्चित करने और अपेक्षित कार्रवाई के लिए संबंधित जिलों के जिला-निर्वाचन-पदाधिकारी-सह -उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं

