बस स्टैंड में लेबर पेन होने पर महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों ने फर्ज निभाकर मानवता की एक मिशाल पेश की है. बस स्टैंड में लेबर पेन होने पर महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया. जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार खादगढ़ा टीओपी प्रभारी भीम सिंह हर दिन की तरह गुरुवार को भी अपनी ड्यूटी पर थे, तभी उन्होंने देखा कि खादगढ़ा बस स्टैंड में सिमडेगा से आयी महिला जब बस से नीचे उतरी, तो महिला लेबर पेन से तड़प रही है. तत्काल उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों के सहयोग से लेबर पेन से कराह रही महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराने के ही घंटे बाद महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ है. महिला ने रांची पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है. वहीं पुलिस के इस मानवीय चेहरे की सभी सराहना कर रहे है.