रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लेह-लद्दाख पहुंच गए है। जहां उन्होंने गुरुवार को किसान-जवान विज्ञान मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद राजनाथ ने पाकिस्तान को आड़े हाथ लेकर कहा कि मैं पाकिस्तान से पूछना चाहता हूं, कश्मीर कब उनका था कि इसे लेकर वो रोना रो रहे हैं। कश्मीर पर पाकिस्तान का कोई हक नहीं है। बताते चलें कि राजनाथ सिंह का यह दौरा काफी खास है। आर्टिकल 370 खत्म होने के और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद यह उनका पहला दौरा है।
राजनाथ सिंह ने जिस विज्ञान मेले का उद्घाटन किया उसमें उगाने के लिए उचित फसलों और अनाजों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस विज्ञान मेले का आयोजन डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ हाई एल्टीट्यूड रिसर्च की ओर से किया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन लद्दाख के स्थानीय लोगों के साथ कृषि टेक्नोलॉजी को साझा करने के लिए किया जा रहा है। इस मेले का आयोजन रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) के विकसित कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए किया जा रहा है। इसमें अनाज, फल और बीज शामिल हैं, जो ऊंचाई वाले इलाको में उगाई जाती है।