रांची: आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता और गोमिया विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने पड़ रही कड़ाके की ठंड और रुक -रुक कर हो रही.
बारिश से जान- माल की रक्षा के लिए सीओ एवं बीडीओ को समुचित कदम उठाने का सख्त निर्देश दिया है. साथ ही गोमिया प्रखंड के डुमरी एवं केरी में ठंड से हुई मौत पर दुःख प्रकट किया है.
उन्होंने कसमार, पेटरवार एवं गोमिया के सीओ एवं बीडीओ को पड़ रही कड़ाके की ठंड की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए पूरे विधानसभा क्षेत्र शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह पर अलाव जलाने की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के साथ-साथ लोगों के बीच कंबल वितरण करने को कहा है.
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से मौसम का मिजाज बदला हुआ है, उससे लोगों में जीवन यापन को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस लिहाज से तत्काल जनहित एवं मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए यह काम किया जाना अत्यंत जरुरी है.
डॉ. लंबोदर महतो ने विधानसभा क्षेत्र के लोगों से यह अपील की है कि उत्पन्न समस्या का समाधान एवं हो रही परेशानियों को दूर करने के लिए उनसे सीधे तौर पर संपर्क कर सकते है.
उन्होंने भी कहा वे स्वयं भी लोगों के बीज जा रहे हैं और सुविधा उपलब्ध कराने के प्रति सजग एवं गंभीर बने हुए हैं.
उन्होंने अधिकारियों से कहा है किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो या ठंड से हुई मौत की पुनरावृति नहीं हो, इसका ध्यान रखकर राहत कार्य चलाने के प्रति गंभीर बने रहे.

