रांची: झारखंड विकास मोर्चा के भाजपा में विलय को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में है. आगामी 17 फरवरी को रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी अपनी पार्टी के भाजपा में विलय की आधिकारिक घोषणा करेंगे.
झारखंड विकास मोर्चा के भाजपा में विलय के कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक बनाने को लेकर जोर-शोर से तैयारियों में जुटी है. इसी संदर्भ में भाजपा कार्यालय में जिले के ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं की उक्त कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक का संचालन जिला महामंत्री रंजीत पांडे के द्वारा किया गया.
बैठक में भाजपा पदाधिकारियों ने सभी मंडल अध्यक्षों से प्रभात तारा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उनके मंडलों से जाने वाले कार्यकर्ताओं का आंकड़ा लिया गया. साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष ने आगामी 20 फरवरी तक सभी मंडल अध्यक्षों से उनके क्षेत्रों के बूथ कमेटियों का गठन कर श्रुति भाजपा कार्यालय में देने का निर्देश दिया.
बैठक में मांडू विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयप्रकाश भाई पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश मिश्रा, प्रोफेसर संजय सिंह, डॉ. संजय सिंह, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक छोटन सिंह, राजीव रंजन प्रसाद, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजीव सिंह बाबला, प्रवीण कुमार सोनू, नगर अध्यक्ष नीरज सिंह, नमेंद्र चंचल, सहदेव ठाकुर, प्रेम विश्वकर्मा, सूरज वर्मा, ब्रजेश पाठक, ऋषिकेश सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे.