रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका जिला के वासुकिनाथ धाम में मंदिर के गर्भ गृह में करंट लगने से सुमित कुमार झा पंडा के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच होगी और इस मामले में जो दोषी पाये जाते हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो.
बता दें कि नये साल के पहले दिन बुधवार को बाबा बासुकीनाथ मंदिर में बड़ा हादसा हो गया. मंदिर के गर्भ गृह में करंट दौड़ने से 28 साल के एक पुरोहित की मौत हो गयी. पुरोहित सुमित कुमार झा उर्फ नीलू (पिता रतनेश्वर झा) मंदिर के गर्भ गृह में बैठ कर श्रद्धालुओं को पूजा करा रहे थे.
घटना दिन के करीब दो बजे की है. घटना के बाद मंदिर में हड़कंप मच गया. पूरे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. मंदिर कर्मियों ने आनन-फानन में गर्भ गृह का बिजली कनेक्शन कटवाया. सुमित कुमार झा को किसी तरह बाहर निकाला गया. उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी पहुंचाया गया, जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया.
नये साल का पहला दिन होने के कारण मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे थे. भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण उन्हें एक-एक कर गर्भ गृह में प्रवेश कराया जा रहा था. इस कारण बड़ी घटना टल गयी.

