रांची: नए साल की शुरुआत बादल, धुंध और बारिश से हुई. पहली जनवरी को सुबह से ही कोहरा छाया रहा. इसके बाद हल्की बारिश हुई. इससे मौसम में ठंडक बढ़ गई. झारखंड के उत्तरी व मध्य भाग में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई.
मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि राज्य के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक बादल छाए रहेंगे. एक, दो व चार जनवरी को बारिश हो सकती है. गुरुवार को दो या दो से अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर कोहरा भी छाया रहेगा.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक राज्यभर में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी और कुछेक स्थानों पर ओला और वज्रपात की संभावना है.
मौसम पूर्वानुमान के तहत 2जनवरी को राज्य के एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि व वज्रपात होने की संभावना है.
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि 2 जनवरी को राज्य के कई स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. 3 जनवरी को राज्य के दक्षिणी व मध्य भाग में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है.

