जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रविवार को जमीन के विवाद में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. वहीं, दोनों पक्षों के करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं. पांच लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है.
एसपी ने खुटहन के प्रभारी निरीक्षक (एसओ) समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. गांव में तनाव को देखते हुए एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स तैनात की गई है.
जानकारी के मुताबिक, फिरोजपुर गांव निवासी रामचंद्र पासवान और रामखेलावन पासवान के नाम कृषि भूमि का पट्टा हुआ था. पट्टे की करीब तीन बिस्वा भूमि पर कब्जे को लेकर दोनों में कई साल से विवाद चला आ रहा है.
हाईकोर्ट के आदेश पर 17 अगस्त को तहसील प्रशासन की टीम ने विवादित भूमि से रामखेलावन का कब्जा हटवा दिया था. रविवार दोपहर बाद तीन बजे रामचंद्र और उसके परिवार के लोग उस भूमि पर दीवार बनवा रहे थे. इसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया.
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी डंडे चलने लगे. डॉक्टरों ने रामचंद्र और उनके भाई बैजनाथ को मृत घोषित कर दिया. हालत गंभीर देखकर अर्जुन, भाना, राजेश, राम खेलावन, इंदू और राकेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
जिला पहुंचने पर राम खेलावन की भी मौत हो गई. घटना के बाद एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, सीओ जितेंद्र दुबे कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की.

