रांची:राजधानी रांची को प्रदूषण मुक्त बनाने, राजधानीवासियों को स्वस्थ रखने के साथ- साथ पेट्रोल में खर्च होने वाली राशि की बचत जैसे उद्देश्यों को लेकर आज से रांची में हर शनिवार को नो कार अभियान की शुरुआत हुई. इस अभियान से आज राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी जुड़े और नगर आयुक्त के साथ साइकिल से मोरहाबादी मैदान के लिए निकले.
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख आज अपने आवास से पहले साइकिल से विधानसभा गए और वहां से नगर आयुक्त मुकेश कुमार के साथ मोराबादी मैदान के लिए निकल गए. 15 किलोमीटर से अधिक का सफर कृषि मंत्री ने आज साइकिल से पूरी की.साइकिल से मोराबादी मैदान जा रहे कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि हर शनिवार नो कार की शुरुआत हुई है. आने वाले दिनों में राजधानी के हजारों की संख्या में लोग इसमें शामिल जरूर होंगे. कृषि मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य के युवा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी इस अभियान से जुड़ेंगे.
रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि आने वाला दिन साइकिल का है और आज या 5 साल बाद हम सबको साइकिल पर आना है. इसकी शुरुआत रांची से हो रही है, यह गर्व की बात है. रांचीवासियों को मिलकर इसे सफल बनाना है.