घर के कूड़े में पॉलीथीन मिली तो जुर्माना भरना पड़ सकता है। नगर निगम जल्द ही इस व्यवस्था को जारी करेगा। इससे करने से पहले लोगों को इसकी जानकारी भी दी जाएगी।
नगर आयुक्त डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि घर का कूड़ा बाहर निकालते वक्त लोग थोड़ा सतर्क रहें। यह जरूर चेक कर लें कि उसमें पॉलीथीन न हों। कुछ दुकानों में अब भी चोरी-छिपे पॉलिथीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों को सुविधा देने के नाम पर बची हुई पॉलीथीन को खपाया जा रहा है। यही घरों तक पहुंच रही है, जो बाद में कूड़े के माध्यम से बाहर निकल रही है।
जब पॉलीथीन पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू हो गया है, तो घरों से भी पॉलीथीन नहीं निकलनी चाहिए। घर-घर कूड़ा कलेक्शन करने वाली कम्पनी को इस संबंध में निर्देश दिया जाएगा। जिस भी घर से कूड़े में पॉलीथीन मिले, उसका कूड़ा न लिया जाए। मकान नम्बर नोट कर नगर निगम के जोन अधिकारी को सूचित किया जाए। नगर निगम का प्रवर्तन दस्ता उस घर पर पहुंचकर जुर्माने की कार्रवाई करेगी।