रांचीः 8 अप्रैल से झारखंड में मौसम में बदलाव संभव है. रांची समेत राज्य के कई जिलों में 8 अप्रैल से बादल देखने को मिल सकते हैं. आठ और नौ अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना है. वहीं इस बीच रांची का न्यूनतम और उच्चतम तापमान सामान्य तापमान से ऊपर पहुंच गया है. पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. जो समान्य तापमान से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. मौसम विभाग के मुताबिक अभी इसमें 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और होगी.
वहीं राज्य में पिछले 24 घंटे को दौरान मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा. राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान और सबसे कम न्यूनतम तापमान मेदिनीनगर में रिकार्ड किया गया. यहां का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.5डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
मौसम विभाग के द्वारा जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि रामगढ़, रांची, खुंटी, गुमला, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज और पाकुर में गर्ज, वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 30-40 किमी के रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. इसके लिए मौसम विभाग ने दो दिनों का यलो अलर्ट जारी किया है.